
5 लाख रुपए और कार की मांग को लेकर विवाहिता को दिया तीन तलाक, बच्ची समेत घर से निकाला
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ में दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वालों ने एक विवाहिता को 5 लाख रुपये और कार की मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। मामला सिर्फ प्रताड़ना तक सीमित नहीं रहा, पीड़िता का आरोप है कि पति ने सऊदी अरब से फोन करके उसे तीन तलाक दे दिया, वहीं घर में देवर ने उसके साथ छेड़छाड़ की कोशिश की।
पूरा मामला हापुड़ का है, जहां पीड़िता की शादी जून 2019 में हुई थी। निकाह में मायके वालों ने करीब 10 लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति, सास, ससुर, ननद, दो देवर और फूफा ससुर अतिरिक्त दहेज में कार और 5 लाख रुपये नकद मांगने लगे।
पीड़िता का कहना है कि जब पति नौकरी के लिए सऊदी अरब चला गया, तो घर पर देवर ने उसके साथ बदसलूकी और छेड़छाड़ की। जब पीड़िता ने इसकी शिकायत पति और ससुर से की, तो उसे ही डांटकर चुप करा दिया गया। हद तो तब हो गई जब 17 मई 2026 को पति ने सऊदी अरब से फोन करके उसे तीन तलाक दे दिया और ससुराल वालों ने पीड़िता को उसकी मासूम बच्ची के साथ मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के आदेश पर हापुड़ पुलिस ने पति समेत 6 लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, छेड़छाड़ और तीन तलाक कानून की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लाजपत नगर, चांदनी चौक का माल अब हापुड़ से खरीदें, 390 रुपए से शुरू: 9456414025





















