
समृद्धि माहेश्वरी ने Harvard College Debating Union की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीता कांस्य पदक
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ शहर के प्रसिद्ध कपड़ा व्यवसायी विजेंद्र माहेश्वरी की सुपौत्री एवं गाजियाबाद के प्रतिष्ठित विद्यालय Gurukul The School की कक्षा 8 की छात्रा समृद्धि माहेश्वरी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित Harvard College Debating Union World Schools India Invitational 2026 प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक प्राप्त कर गाजियाबाद व हापुड़ का नाम रोशन किया।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 14 से 16 अगस्त 2026 तक जयपुर (राजस्थान) स्थित Jayshree Periwal International School में आयोजित की गई। प्रतियोगिता का आयोजन Indian Debating League (IDL) द्वारा Harvard College Debating Union के सहयोग से किया गया।
प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों की 61 टीमों के 220 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों पर लगभग 6500 भाषण प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में शिव नादर, हेरिटेज, श्रीराम, स्ट्रॉबेरी फील्ड्स, जयश्री पेरिवाल सहित चंडीगढ़, बेंगलुरु, चेन्नई, मुंबई, नोएडा, अहमदाबाद, गुरुग्राम, गाजियाबाद, दिल्ली, हैदराबाद, लखनऊ एवं इंदौर सहित देश के अनेक शहरों के विद्यालयों ने भाग लिया।
समृद्धि माहेश्वरी की टीम को प्रतियोगिता में टीम नंबर 59 आवंटित किया गया था। प्रतियोगिता में कुल 6 राउंड हुए और शानदार प्रदर्शन करते हुए उनकी टीम सेमीफाइनल तक पहुंची तथा कांस्य पदक अपने नाम किया।
प्रतियोगिता की विशेष चुनौती यह रही कि चार राउंड इम्प्रोम्प्टू (Impromptu) थे। इन राउंड में प्रतिभागियों को विषय और यह पक्ष कि उन्हें Proposition (पक्ष) में बोलना है अथवा Opposition (विपक्ष) में, मौके पर ही बताया जाता था। इसके बाद उन्हें मात्र 60 मिनट में अपने तर्क एवं भाषण की तैयारी करनी होती थी।
प्रतियोगिता में खेल, अर्थव्यवस्था, राजनीति, भूगोल, नस्लीय एवं सामाजिक मुद्दों सहित विभिन्न समसामयिक विषयों पर प्रतिभागियों ने अपने विचार और तर्क प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। समृद्धि ने अपनी तार्किक क्षमता, त्वरित चिंतन, प्रभावशाली अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
समृद्धि की इस उपलब्धि पर उनके परिवार, विद्यालय के शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उनकी यह सफलता न केवल परिवार एवं विद्यालय के लिए गौरव का विषय है, बल्कि हापुड़ के लिए भी गर्व की उपलब्धि है।
होलसेल दामों पर खरीदें व बनवाएं कस्टमाईज़ड टाइल्स: 8449930105, 9837824010



















