
हापुड़ की कचहरी में बंदरों का आतंक, लोगों में दहशत
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ शहर की फ्रीगंज रोड स्थित कचहरी परिसर में इन दिनों बंदरों का आतंक देखने को मिल रहा है। कचहरी परिसर में बड़ी संख्या में बंदरों के घूमने से यहां आने वाले वकीलों, कर्मचारियों और फरियादियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि कचहरी परिसर में बंदर खुलेआम घूमते रहते हैं। कई बार बंदर लोगों के आसपास पहुंच जाते हैं, जिससे लोगों को डर के साये में रहना पड़ता है। खासकर अपने मुकदमों की तारीख पर कचहरी पहुंचने वाले फरियादियों और बुजुर्ग लोगों के लिए बंदरों की मौजूदगी परेशानी का कारण बनी हुई है।
कचहरी परिसर में रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में बंदरों के आतंक के चलते किसी भी समय कोई अप्रिय घटना होने की आशंका बनी हुई है। लोगों को डर है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बंदर किसी व्यक्ति को घायल भी कर सकते हैं।
स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से कचहरी परिसर में बंदरों को पकड़वाने और इस समस्या से निजात दिलाने के लिए उचित व्यवस्था कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए कब तक कोई ठोस कदम उठाते हैं।
कैलकुलेटर से भी तेज दौड़ेगा दिमाग, सीखें अबेकस (Abacus) व वैदिक मैथ्स (Vedic Maths) 9219237480


























