
चार जिलों की संयुक्त टीम की धौलाना क्षेत्र में ताबड़तोड़ कार्रवाई, 7 कुंतल मिलावटी मावा नष्ट
हापुड़, सीमन/ संजय कश्यप (ehapurnews.com): रक्षाबंधन पर्व को लेकर मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने धौलाना तहसील क्षेत्र के सोलाना-लालपुर में बड़ी कार्रवाई की। आयुक्त के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ बाहरी जिलों के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने तीन खोया निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की। मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर और हापुड़ की संयुक्त टीमों ने यह कार्रवाई की है।
कार्रवाई के दौरान शाहरुख पुत्र हनीफ निवासी लालपुर सोलाना, प्रदीप कुमार सिंह पुत्र देवेंद्र सिंह निवासी सोलाना, धौलाना तथा मोमिना पत्नी मोमीन की इकाइयों का निरीक्षण किया गया।
शाहरुख की इकाई से मावा के दो, SMP का एक और वनस्पति का एक नमूना लिया गया। प्रदीप कुमार सिंह की इकाई से मावा के दो नमूने लिए गए। वहीं मोमिना की इकाई से रिफाइंड तेल और SMP के नमूने लिए गए।खाद्य विभाग के अनुसार, शाहरुख की इकाई से करीब 7 कुंतल मावा, जिसकी कीमत करीब 1.75 लाख रुपये बताई गई, जब्त कर मौके पर नष्ट कराया गया। इसके अलावा मोमिना की इकाई से 268 किलोग्राम वनस्पति, जिसकी कीमत करीब 53,600 रुपये, और 510 किलोग्राम SMP, जिसकी कीमत करीब 1,78,500 रुपये, सीज किया गया।
छापेमारी में मेरठ से खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेश पाल, अतीश कुमार और सत्येंद्र सिंह तोमर, गाजियाबाद से पीके वर्मा एवं अजय सिंह, बुलंदशहर से मुनेंद्र सिंह राणा एवं अजय सिंह तथा स्थानीय खाद्य सुरक्षा टीम शामिल रही। खाद्य विभाग ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर मिलावटखोरी के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग के लिए अब रविवार को भी डॉक्टर शिशिर गुप्ता से लें परामर्श: 8979824365




















