
दरोगा बनकर महिला को ब्लैकमेल करने का आरोप
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ गढ़मुक्तेश्वर के एक मोहल्ले की रहने वाली महिला ने नगर के ही दो लोगों पर दरोगा बनकर 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगने और बाद में मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी को शिकायत पत्र सौंपकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता ने बताया कि वह गरीब महिला है और दूसरे लोगों के घरों में झाड़ू-पोंछा करके अपने परिवार का पालन-पोषण करती है। महिला के मुताबिक, दो दिन पूर्व उसके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को गढ़ थाने का दरोगा बताते हुए कहा कि उसके और उसके बच्चों के खिलाफ मुकदमा लिखा जा रहा है।
आरोप है कि फोन करने वाले ने महिला से कहा कि यदि वह मुकदमा नहीं चाहती है तो 50 हजार रुपये लेकर गढ़ थाने आ जाए। इससे महिला काफी घबरा गई और वह डरते हुए थाने पहुंची। वहां जानकारी करने पर उसे पता चला कि थाने से किसी ने उसे फोन नहीं किया था।
महिला ने पुलिस को फोन करने वाले दोनों मोबाइल नंबरों की जानकारी दी। पीड़िता के अनुसार, पुलिस ने बताया कि दोनों नंबर नगर के ही लोगों के हैं, जिन्होंने उससे ब्लैकमेल कर 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी थी। पीड़िता ने बताया कि अगले दिन जब वह घरों में झाड़ू-पोंछा करने जा रही थी, तभी दोनों आरोपित रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे थे। उसे देखते ही दोनों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता ने पूरे मामले की शिकायत एसपी से करते हुए आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग की है।
99 MINI MALL से खरीदें अधिकतर सामान मात्र 99/- में: 8191820867



















