
दूध में पानी मिलाने के आरोप में शिक्षक पर कार्रवाई, वेतन वृद्धि रोकी
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ धौलाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नारायणपुर की मढ़ैया में तैनात सहायक अध्यापक गुरुदयाल सिंह के खिलाफ विभागीय जांच पूरी होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। शिक्षक पर विद्यालय में रसोइया के साथ मिलीभगत कर बच्चों को दिए जाने वाले दूध में पानी मिलाने का आरोप लगाया गया था।
मामले में शिक्षक पर प्रधानाध्यापक को बदनाम करने की नीयत से रसोइया के साथ मिलीभगत करने, शिक्षक पद की गरिमा के विपरीत आचरण करने और विभाग की छवि धूमिल करने के आरोप भी लगाए गए थे। शिकायत के बाद शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की गई थी।
जांच अधिकारी ने मामले की जांच कर अपनी आख्या जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय को सौंप दी। जांच आख्या के परीक्षण में शिक्षक के खिलाफ पदेन दायित्वों का ठीक से निर्वहन न करने और रसोइया के साथ मिलीभगत कर दूध में पानी मिलाने का आरोप प्रमाणित पाया गया।
इसके बाद विभाग ने शिक्षक की वर्ष 2026-27 की एक स्थायी वेतन वृद्धि संचयी प्रभाव के साथ रोकने का दंड निर्धारित किया है। साथ ही निलंबन अवधि का वेतन देकर शिक्षक को सेवा में बहाल कर दिया गया है।बहाली के साथ ही विभाग ने शिक्षक का दूसरे विद्यालय में स्थानांतरण भी कर दिया है। विभागीय कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में इस मामले को लेकर चर्चा बनी हुई है।
We at Kansal Classes are looking for an experienced faculty for science TGT who has a grip on all three parts.Contact us on : 7037494586




















