
हापुड़: नवीन मंडी में फल की दुकान से 64 कैरेट किन्नू चोरी, 70 हजार का नुकसान
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ थाना देहात क्षेत्र की गढ़ रोड पर स्थित नवीन मंडी में एक बार फिर चोरी होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। चोरों ने अब फल मंडी में स्थित दुकान बी-5 को अपना निशाना बनाया जहां दुकान के बाहर रखे किन्नू के कैरेट लेकर बुलेरो पिकअप में सवार चोर फरार हो गया। चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। व्यापारियों ने मंडी समिति के गार्डो पर लापरवाही का आरोप लगाया है। व्यापारियों में मंडी समिति के प्रति बेहद नाराजगी है।
जानकारी के अनुसार बी5 में हापुड़ की काली मस्जिद निवासी मोहम्मद असलम, अमजद व हाजी इकराम की इकरामुद्दीन एंड संस के नाम से फर्म है। दुकान के बाहर किन्नू के कैरेट रखे हुए थे। जानकारी के अनुसार एक संदिग्ध करीब 2:30 बजे के आसपास दुकान के बाहर पहुंचा और उसने इलाके का मुआयना किया। इसके करीब 1 घंटे बाद वह बुलेरो पिकअप लेकर पहुंचा और दुकान के बाहर रखी किन्नू की 64 कैरेट चुरा ली और फरार हो गया। चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
सोमवार की सुबह दुकानदार जब दुकान पर पहुंचे तो उन्हें चोरी का पता चला। बताया जा रहा है कि चोरों ने 70 हजार रुपए का माल चोरी कर लिया और फरार हो गया। चोर ने अकेले ही 64 कैरेट बुलेरो में लाद ली और भाग खड़ा हुआ। ऐसे में नाराज फल व्यापारियों ने मंडी समिति पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मंडी शुल्क भी दिया जा रहा है लेकिन मंडी के गार्ड लापरवाही बरत रहे हैं जिसकी वजह से यहां चोरी हुई है। आपको बताते चलें कि इससे पहले भी नवीन मंडी में चोरी की घटना हो चुकी है।
कारपेंटर के कमीशन से पाए छुटकारा, होम बॉस हार्डवेयर से खरीदें दरवाजे की कुंडी: 9568911464



























