
बाबूगढ़: सीओ व थाना प्रभारी ने की पैदल गश्त
हापुड़, सीमन/अमित कुमार (ehapurnews.com):जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र की नगर पंचायत बाबूगढ़ छावनी में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी (सीओ) दीपक चतुर्वेदी एवं थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने पुलिस टीम के साथ पैदल गश्त की।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने नगर पंचायत बाबूगढ़ छावनी के मुख्य चौराहा, डिपो रोड, मेन बाजार तथा सराफा बाजार सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों का भ्रमण किया। गश्त के दौरान व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
सीओ दीपक चतुर्वेदी ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। वहीं थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि क्षेत्र में अपराध एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पैदल गश्त के दौरान पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया।




















