
नए वाटर प्लांट पर चोरों का धावा, 11 मोटरें, कंप्रेसर और यूपीएस चोरी
हापुड़, सीमन/संजय कश्यप(ehapurnews.com):जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के ग्राम जरौठी में चोरों ने एक नए वाटर प्लांट को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये के कीमती उपकरण चोरी कर लिए। चोर टीन शेड के पेच-बोल्ट खोलकर प्लांट के अंदर दाखिल हुए और 11 मोटर, दो कंप्रेसर, एक यूपीएस समेत अन्य विद्युत उपकरण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र के कारोबारियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के मुताबिक हापुड़ के मोहल्ला श्रीनगर निवासी व्यवसायी चंदन गोयल ने कुछ समय पहले ग्राम जरौठी में पेयजल आपूर्ति के लिए वाटर प्लांट स्थापित कराया था। आरोप है कि बीती 1 अक्टूबर की रात अज्ञात चोरों ने प्लांट को निशाना बनाया। चोरों ने छत पर लगी टीन शेड के पेच खोलकर अंदर प्रवेश किया और प्लांट में लगी एक बड़ी तथा 10 छोटी मोटरों को उखाड़ लिया।
इसके साथ ही चोर दो कंप्रेसर, एक यूपीएस और अन्य बिजली उपकरण भी चोरी कर ले गए। वारदात के दौरान भारी मशीनों और मुख्य गेट को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। सुबह प्लांट पर पहुंचने पर चोरी की जानकारी हुई तो संचालक के होश उड़ गए।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।




















