
धौलाना में ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फिटनेस खत्म होने के बावजूद सड़क पर दौड़ रही एम्बुलेंस सीज
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना धौलाना में यातायात नियमों का उल्लंघन कर सड़कों पर दौड़ रहे अनफिट वाहनों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी अभियान के तहत धौलाना में ट्रैफिक पुलिस ने एक ऐसी एम्बुलेंस को सीज किया है, जिसकी फिटनेस और कागजों की वैधता काफी पहले ही समाप्त हो चुकी थी।
मिली जानकारी के मुताबिक, डीजीपी ट्रैफिक के निर्देश पर धौलाना ट्रैफिक इंचार्ज कामेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध एम्बुलेंस को रोककर जब उसके दस्तावेजों और फिटनेस की जांच की गई, तो भारी अनियमितताएं सामने आईं।
जांच में पता चला कि इस एम्बुलेंस की फिटनेस खत्म हो चुकी थी और कागजों में वाहन का संचालन भी समाप्त था। इसके बावजूद धड़ल्ले से इसका इस्तेमाल एम्बुलेंस के रूप में किया जा रहा था। अनियमितता मिलने पर पुलिस ने तुरंत वाहन को सीज कर दिया और उसे खिंचवाकर धौलाना थाने में दाखिल करा दिया।
ट्रैफिक इंचार्ज कामेश कुमार सिंह ने बताया कि बिना वैध फिटनेस, जरूरी दस्तावेजों और नियमों का उल्लंघन करके चल रहे वाहनों के खिलाफ यह विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर अनफिट वाहनों का संचालन आम जनता की सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा बन सकता है, इसलिए ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढील नहीं बरती जाएगी।




















