
देश सेवा का सफर पूरा कर विदा हुए पूर्व सैनिक प्रेमवीर सिंह, तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर को दी गई अंतिम सलामी
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):जनपद हापुड़ की धौलाना तहसील क्षेत्र के गांव देवभूमि सपनावत से एक ऐसी खबर आई है, जो हर देशवासी और क्षेत्रवासियों को नम कर देगी। भारतीय सेना में अपनी निष्ठा और ईमानदारी से देश की सेवा करने वाले पूर्व सैनिक प्रेमवीर सिंह सिसोदिया का निधन हो गया है। उनके जाने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
देश की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले पूर्व सैनिक प्रेमवीर सिंह सिसोदिया के निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में सैनिक और क्षेत्रवासी उनके आवास पर पहुंचे। माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया और हर आंख नम नजर आई।
इस दौरान उनके पार्थिव शरीर को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे से सम्मानित किया गया। मौजूद सैनिकों ने पुष्पमाला अर्पित कर दिवंगत पूर्व सैनिक को अंतिम सलामी दी। सम्मान में “भारत माता की जय” के नारे गूंजे और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
सैनिक विनोद सिंह सिसोदिया ने बताया कि प्रेमवीर सिंह ने सेना में रहते हुए पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ देश की सेवा की थी। उनके इस तरह चले जाने से न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की गहरी लहर है।




















