
धौलाना: तीन तलाक का विरोध करने पर विवाहिता को जान से मारने की धमकी, 9 पर FIR दर्ज
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना धौलाना से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां तीन तलाक का विरोध करने पर एक विवाहिता को मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने पति, सास, ननद और ननदोई समेत कुल नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, धौलाना क्षेत्र की मुगल गार्डन कॉलोनी में किराए के मकान में रह रही एक महिला ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2022 से वह गाजियाबाद के रहने वाले अरमान पुत्र सईद के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थी। बीते वर्ष दोनों ने मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार निकाह कर लिया। आरोप है कि इस शादी से पति के घरवाले खुश नहीं थे और वे लगातार दंपति को परेशान कर रहे थे।
पीड़िता का कहना है कि ससुराल वालों के दबाव और उकसावे में आकर पति उसके साथ मारपीट करने लगा और बात-बात पर तीन तलाक देने की धमकी देने लगा। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकियां दी गईं।
मामला यहीं नहीं रुका, बीती 16 अप्रैल को एक एडवोकेट के माध्यम से महिला को तलाक का नोटिस भी भेज दिया गया और उस पर तलाक का दबाव बनाया जाने लगा। इस बीच पीड़िता के पति का दूसरा निकाह भी करवा दिया गया। पीड़िता ने अपने ननदोई पर कई बार अश्लील हरकत करने का भी गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सास, पांच ननद और तीन ननदोई समेत नौ नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग की पीड़ित महिलाएं अब रविवार को भी डॉ. रुचिका गुप्ता से ले सकेंगी परामर्श: 8979824365





















