
धौलाना: थाने से शिकायत कर लौट रहे परिवार पर दोबारा हमला, तीन घायल
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र से कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहाँ बेखौफ दबंगों ने पुलिस का खौफ ताक पर रखते हुए एक परिवार पर उस वक्त हमला कर दिया, जब वे थाने में शिकायत दर्ज कराकर घर वापस लौट रहे थे।
मामला धौलाना के डहना गांव का है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात राहुल कुमार और कुलदीप कुमार पुत्र महेश सिंह अपनी मां कमलेश देवी और परिवार के साथ कपूरपुर थाने से मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराकर लौट रहे थे। आरोप है कि गांव के ही दबंग बलराम उर्फ गन्नू, सुदामा, आकाश, आशीष, बादल और शोभाराम समेत अन्य लोगों ने रास्ते में उन्हें घेर लिया।
और हमलावरों के हाथ में लोहे की रॉड और लाठी-डंडे थे। पीड़ितों का आरोप है कि आरोपियों ने सिर पर लोहे की रॉड से वार किया, जिससे तीन लोग लहूलुहान होकर घायल हो गए। आसपास लोगों की भीड़ जमा होती देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी पहले भी उनके साथ मारपीट और अभद्रता कर चुके हैं और लगातार मिल रही धमकियों से पूरा परिवार दहशत में है। उन्होंने पुलिस से कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
इस पूरे मामले पर थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग के लिए अब रविवार को भी डॉक्टर शिशिर गुप्ता से लें परामर्श: 8979824365





















