
महिला ने पति के फूफा पर लगाया दुष्कर्म का आरोप
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): मेरठ के लिसाड़ीगेट की एक महिला ने अपने पति के फूफा पर रेप के गंभीर आरोप लगाते हुए हापुड़ पुलिस से शिकायत की है। महिला की तहरीर के आधार पर हापुड़ पुलिस ने आरोपी इमरान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला के अनुसार, 28 अगस्त को वह अपनी करीब डेढ़ माह की बेटी को लेकर हापुड़ तहसील के पास स्थित एक अस्पताल में दवाई लेने पहुंची थीं। इसी दौरान उनके पति के फूफा इमरान का फोन आया। जब उसे महिला के हापुड़ में होने की जानकारी मिली तो वह कार लेकर वहां पहुंच गया।
महिला का आरोप है कि इसके बाद वह इमरान की कार में बैठ गई। गांव असौड़ा के पास आरोपी ने उसे कोल्ड ड्रिंक दी। महिला के मुताबिक, उसे पीने के बाद वह नशे की हालत में हो गई और आरोपी ने कार में उसके साथ दुष्कर्म किया।
महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने घटना के बारे में किसी को जानकारी देने पर उसे और उसकी मासूम बेटी को जान से मारने की धमकी भी दी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी दोनों को मेरठ की शास्त्रीनगर चुंगी के पास छोड़कर वहां से फरार हो गया।
घर पहुंचने के बाद महिला ने अपने परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले में सीओ अनीता चौहान का कहना है कि महिला की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
एक फोन पर कराएं सीवर सैप्टिक टैंक की मशीन द्वारा सफाई: 9219695264


















