
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ में त्योहारों के सीजन में अवैध पटाखों के भंडारण को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव तुमरेल में एक मकान के अंदर भारी मात्रा में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किए जाने की सूचना पर पुलिस ने अचानक छापेमारी की। हालांकि पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब नौ बजे हाफिजपुर थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि गांव तुमरेल स्थित एक मकान में अवैध रूप से भारी मात्रा में पटाखे जमा किए गए हैं। त्योहारी सीजन को देखते हुए पुलिस ने सूचना को गंभीरता से लिया और बिना देरी किए मकान पर छापा मार दिया। पुलिस की अचानक कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि छापेमारी के दौरान आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग सका और मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।
























