
गन्ना भुगतान न होने पर सिम्भावली मिल नहीं चलने देंगे
हापुड, सीमन (ehapurnews.com):भाकियू अराजनैतिक ने रविवार को किसानो की एक बैठक में निर्णय लिया कि यदि सिम्भावली शुगर मिल ने किसानो के बकाया का भुगतान नही किया तो किसान मिल नही चलने देगे।
भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की यह नुक्कड़ पंचायत ग्राम माधापुर में सुनील गुर्जर के आवास पर सम्पन्न हुई। पंचायत की अध्यक्षता मूलचंद गुर्जर ने की तथा संचालन सुरेन्द्र नागर ने किया। बैठक का आयोजन सिंभावली ब्लॉक अध्यक्ष पवन फौजी द्वारा किया गया।
पंचायत मे बताया गया कि मीडिया के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि सिंभावली शुगर मिल को दिनांक 11-11-2026 से चलाने की तैयारी है। इस पर किसानों में भारी रोष व्याप्त हो गया।
पंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब तक किसानों का बकाया 120 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं होता और आने वाले पेराई सत्र के गन्ने के भुगतान की लिखित जिम्मेदारी शुगर मिल प्रबंधन नहीं लेता, तब तक सिंभावली शुगर मिल व उसके क्रय केन्द्रों को किसी भी हालत में चलने नहीं दिया जायेगा।
पंचायत में चेतावनी दी गयी कि यदि क्षेत्र के किसानों के साथ अन्याय हुआ तो 03 नवम्बर-2026 को मेरठ में होने वाली महापंचायत में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जायेगा और मेरठ कमिश्नरी पर आंदोलन होगा। साथ ही सिंभावली शुगर मिल पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जायेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी गन्ना विभाग व प्रशासन की होगी।
पंचायत में जिलाध्यक्ष पवन हूण गुर्जर, ब्लॉक अध्यक्ष पवन फौजी, जयपाल सिंह, असी ठेकेदार, रूपराम सिंह, मनोज गुर्जर, सरदार सिंह, सुंदर सिंह, जयकरण सिंह, अनिल हूण, तेजिंदर सिंह, जॉनी सिंह, डॉ. ओंकार सिंह सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
दिल्ली की डॉ शूची तनेजा दुआ अब हापुड़ शहर में: 70177 32103 || फ्री गंज रोड, हापुड़




























