
बुलंदशहर रोड गोल चक्कर के पास ध्वस्त प्लाटिंग फिर आबाद होने लगी
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के बुलंदशहर रोड पर गोल चक्कर के पास शिव मंदिर के पीछे व बराबर में प्लाटिंग का कारोबार फिर से चमकने लगा है। 25-30 हजार वर्ग मीटर में की जा रही अवैध प्लाटिंग पर हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण ने 27 अक्टूबर को बुलडोजर चला कर सड़क को ध्वस्त कर दिया था, परंतु अब इस मिट्टी को प्लेन कर दिया गया है जिससे प्लाटिंग फिर आबाद होने लगी है।
हापुड़ के बुलंदशहर रोड पर बाईपास से पहले गोल चक्कर के पास स्थित प्राचीन शिव मंदिर की बगल में 25-30 हजार वर्ग मीटर कृषि भूमि में अवैध प्लाटिंग बसाई जा रही है। इस कॉलोनी को आवासीय कॉलोनी बताया जा रहा है।
अवैध कालोनी बसाने का यह सिलसिला जनवरी माह में शुरू हुआ। पहले भूमि पर तीन ओर से बाउंड्री वॉल खड़ी की गई और फिर रातों-रात छोटे-छोटे पेड़ों को काटा गया। खनन करके लाई गई मिट्टी से कॉलोनी का लेबिल सड़क के समान समतल किया गया। हापुड़ बुलंदशहर रोड साइड को कटीले तारों से कवर किया गया है।
भूमि समतल होने के बाद प्लाटिंग की मार्किंग की जा रही है। सड़क निर्माण किया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण के नाम पर खजूर आदि के वृक्ष लगाए गए हैं और पौधारोपण किया गया है।
प्राधिकरण के नुमाइंदे 27 अक्टूबर को बुलडोजर लेकर अवैध प्लाटिंग पर पहुंचे और कॉलोनी में बनाई गई सड़क पर बुलडोजर चलाकर मिट्टी को उखाड़ दिया गया और निर्माण को तोड़ा गया।
अब खास बात यह है कि कॉलोनाइजर ने मिट्टी को फिर से प्लेन कर इस प्रकार समतल कर दिया है कि जैसे मौके पर कुछ हुआ ही नहीं है। प्राधिकरण का कहना है कि अवैध कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले प्राधिकरण के दफ्तर से जानकारी लें लें, क्योंकि प्राधिकरण अवैध कॉलोनी में मानचित्र स्वीकृत नहीं करता है।
टाटा की सभी गाड़ियां लोन पर उपलब्ध, खरीदने पर पाएं उपहार: 9457545133, 9217992716




























