
बाबूगढ़: थाना प्रभारी व मिशन शक्ति प्रभारी ने महिलाओं-बालिकाओं को किया जागरूक
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अंतर्गत विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। शनिवार, दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को थाना बाबूगढ़ प्रभारी प्रवीण कुमार एवं मिशन शक्ति प्रभारी मनीष पाल अपनी टीम तथा साइबर टीम के साथ थाना क्षेत्र के ग्राम शाहपुर जट्ट एवं कुचेसर चौपला पहुंचे, जहां महिलाओं, बालिकाओं एवं ग्रामीणों को विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां देकर जागरूक किया गया।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी प्रवीण कुमार एवं मिशन शक्ति प्रभारी मनीष पाल ने महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों तथा किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में पुलिस एवं संबंधित विभागों से सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
इस दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताते हुए 1090 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन पुलिस सेवा, 108 एंबुलेंस सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा तथा साइबर अपराधों की शिकायत के लिए 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी। साथ ही बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में महिलाएं इन हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
वहीं कार्यक्रम में महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना एवं मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के उद्देश्य और लाभों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही पात्र महिलाओं एवं परिवारों को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी सुविधाओं का लाभ पहुंच सके।
इसके अलावा थाना बाबूगढ़ की साइबर टीम ने ग्रामीणों को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी फोन कॉल, अनजान लिंक, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी एवं बैंक खातों से संबंधित साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए। टीम ने लोगों को समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी, ओटीपी एवं पासवर्ड साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराए।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं एवं ग्रामीणों को यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया। लोगों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने की अपील की गई।
वहीं आगामी चुनावों के दृष्टिगत भी ग्रामीणों को आवश्यक जानकारियां दी गईं। पुलिस टीम ने लोगों से चुनाव के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारा कायम रखने तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह पर विश्वास न करने की अपील की।
इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सुरक्षा संबंधी सुविधाओं की जानकारी देना, सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के प्रति प्रेरित करना तथा आमजन को साइबर अपराधों एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाना रहा।
थाना बाबूगढ़ पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अंतर्गत चलाए जा रहे इस अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक कर उन्हें सुरक्षा, सम्मान और सरकारी सुविधाओं से जोड़ने का संदेश दिया गया।
हापुड़ की विश्वसनीय कपड़ों की दुकान “रामदास मोहनलाल माहेश्वरी बजाज” से खरीदें लहंगा, लेडीज सूट, डिजाइनर साड़ियां, स्टॉल, ज्वेलरी बहुत कुछ: 9927870069

























