
विकास ग्लोबल स्कूल ने श्रद्धालुओं के लिए सेवा कार्य का आयोजन किया
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):विकास ग्लोबल स्कूल छात्रों को सिर्फ शिक्षित ही नहीं बल्कि उन्हें संस्कार की माला में भी पिरो रहा है। जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ कैंट स्थित विकास ग्लोबल स्कूल के सौजन्य से कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं के लिए सेवा भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्रावास के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए श्रद्धा, सेवा एवं समर्पण की भावना से कांवड़ यात्रियों की सेवा की।
इस दौरान विद्यार्थियों ने कांवड़ यात्रियों को प्रसाद वितरित किया तथा भंडारे की व्यवस्थाओं में सक्रिय रूप से सहयोग किया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ सेवा कार्य में भाग लेते हुए श्रद्धालुओं की सेवा को अपना सौभाग्य माना।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्यों का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भाव, सहयोग, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी एवं भारतीय संस्कारों की भावना को मजबूत करना है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने और मानवीय मूल्यों को अपने व्यवहार में उतारने की प्रेरणा देते हैं।
विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ कांवड़ यात्रियों की सहायता कर सेवा एवं समर्पण का संदेश दिया। श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों ने भी विद्यार्थियों के इस सेवा भाव की सराहना की।




















