
आई आई ए के राष्ट्रीय सचिव पद पर पुनः नियुक्त किए गए विजय शंकर शर्मा
हापुड़, सीमन(ehapurnews.com): हापुड़। इंडियन इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन (IIA) के लखनऊ मुख्यालय से राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री दिनेश गोयल द्वारा आईआईए चैप्टर धीरखेड़ा, हापुड़ के कर्मठ उद्यमी सदस्य विजय शंकर शर्मा को वर्ष 2026-27 के लिए पुनः आई आई ए का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति से क्षेत्र के उद्योगपतियों एवं उद्यमियों में हर्ष का वातावरण है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने वर्ष 2025-26 के कार्यकाल में विजय शंकर शर्मा द्वारा राष्ट्रीय सचिव के रूप में किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने उद्योग जगत से जुड़ी विभिन्न व्यापारिक एवं प्रशासनिक समस्याओं के समाधान हेतु लगातार सक्रिय भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में उद्योगों से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों को शासन एवं प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिले। उद्यमियों के हितों की रक्षा एवं औद्योगिक विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें पुनः इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए चुना गया है।
पुनर्नियुक्ति पर विजय शंकर शर्मा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल, आईआईए के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं सभी उद्यमी बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे पूर्व की भांति पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ उद्योगों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे तथा प्रत्येक उद्यमी की आवाज़ को शासन एवं प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि उनके नए कार्यकाल का मुख्य उद्देश्य जनपद हापुड़ में उद्योगों के लिए अधिक अनुकूल एवं सकारात्मक औद्योगिक वातावरण तैयार करना, एमएसएमई इकाइयों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कराना तथा उद्योगों एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना होगा। इसके साथ ही नए निवेश को बढ़ावा देना, स्थानीय उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में वृद्धि करना तथा उद्यमियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
उन्होंने सभी उद्यमियों से आईआईए के माध्यम से एकजुट होकर उद्योग हितों की रक्षा एवं क्षेत्र के औद्योगिक विकास में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
























