
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लज्जापुरी में बिजली को लेकर हुए विवाद के बाद महिला और उसके परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एक महिला समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि आरोपी महिला की बेटी के साथ छेड़छाड़ करते हैं। ऐसे में उसका स्कूल आना जाना भी बंद हो गया है।
FIR के अनुसार, मोहल्ला निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाली सुधा आए दिन छोटी-छोटी बातों को लेकर उनके और उनके परिवार के साथ विवाद करती रहती है। शिकायत के मुताबिक 15 अगस्त को करीब दो दिन से घर की बिजली नहीं आ रही थी, जिसके चलते उन्होंने दैनिक कामकाज और बच्चों की पढ़ाई में परेशानी को देखते हुए किराये का जनरेटर मंगवाया था।
आरोप है कि जनरेटर मंगवाने की बात को लेकर सुधा महिला से विवाद करने लगी। शिकायत के अनुसार रात करीब 10 बजे सुधा ने मोहल्ले के परविंदर, अमित उर्फ अब्दुल, सोनू, प्रदीप और अमित को बुला लिया। आरोप है कि सभी लोगों ने महिला और उसके परिवार के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान महिला के दामाद मनीष के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें उसे गंभीर चोट आने की बात शिकायत में कही गई है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पुलिस को सूचना देने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची थी, लेकिन मोहल्ले के गणमान्य लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर उस समय समझौता करा दिया। इसके बाद भी आरोपित पक्ष द्वारा महिला और उसकी बेटियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने और अश्लील गालियां देने के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप लगाए गए हैं। महिला ने अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
मामले में थाना हापुड़ नगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 352, 115(2), 351(3) और 74 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कमल डोसा प्लाजा पर चखें मधुबन बड़ा व स्वादिष्ट डोसे का स्वाद: 7017570838, 7668606012*



















