
हापुड़, सीमन/अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र में स्थित अंबेडकर भवन के सामने एक गाड़ी शुक्रवार की तड़के अनियंत्रित होकर पलट गई। गाड़ी में चार लोग सवार थे जो गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे बहादुरगढ़ थाना प्रभारी इंद्रकांत यादव ने पुलिसबल के सहयोग से घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया जहां दो को चिकित्सकों ने मृत्यु घोषित कर दिया जिनके शवों को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायलों का उपचार कराया।
बहादुरगढ़ थाना प्रभारी इंद्रकांत यादव ने बताया कि विसांत त्यागी पुत्र राजेंद्र निवासी मेरठ, मिथुन पुत्र कमल निवासी ग्राम अल्लीपुर नानई बहादुरगढ़ हापुड़, ललित पुत्र अशोक तथा रवि पुत्र वीरेंद्र निवासीगण ग्राम हाजीपुर थाना स्याना जनपद बुलंदशहर एक कार में सवार होकर देहरा कुटी से वैठ की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वह बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव देहरा में अंबेडकर भवन के सामने पहुंचे तो गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई जिसमें चारों लोग घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जिनमें से चिकित्सकों ने विसांत और मिथुन को मृत घोषित कर दिया जबकि ललित और रवि की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेरठ रेफर कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और कार सवारों के परिजनों को मामले से अवगत कराया।
























