
एनएच-9 पर दर्दनाक हादसा: बाइक सवार की मौत, दो किशोर समेत तीन घायल
हापुड़, सीमन/अमित कुमार/रियाज अहमद(ehapurnews.com): हापुड़ जनपद में शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। नेशनल हाईवे-9 पर हुए हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं एक अन्य सड़क दुर्घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
पहली घटना पिलखुवा क्षेत्र के नेशनल हाईवे-9 फ्लाईओवर की है, जहां गाजियाबाद से आ रही एक बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में सिंभावली क्षेत्र के गांव राजपुर निवासी 50 वर्षीय रईस की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठे हर्ष (17 वर्ष) और सैफ (12 वर्ष), निवासी जाकिर कॉलोनी, मसूरी गाजियाबाद, गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए सरस्वती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
वहीं दूसरी घटना पिलखुवा के अहमदपुर नयागांव मार्ग की है। हिम्मतनगर निवासी सरफराज अपनी पत्नी नईमा के साथ बाइक से पिलखुवा जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में नईमा गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनके कूल्हे में चोट आई है। उन्हें भी सरस्वती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश कर रही है और दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई जारी है।
99/- में खरीदें शर्ट, T-शर्ट, बच्चों के कपड़े और भी बहुत कुछ: 8191820867



















