
दक्ष मॉड्यूल आधारित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), हापुड़ में राजकीय एवं सहायता प्राप्त इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्यों के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण का आयोजन ‘दक्ष’ मॉड्यूल के अंतर्गत किया गया, जिसका उद्देश्य प्रधानाचार्यों में नेतृत्व क्षमता, प्रबंधन कौशल, नवाचार तथा विद्यालय के समग्र विकास के लिए आवश्यक दक्षताओं को विकसित करना रहा।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण में सामुदायिक सहभागिता, मानसिक स्वास्थ्य, नेतृत्व क्षमता, वित्तीय प्रबंधन, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) एवं राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (NCF), अंतर-विभागीय समन्वय, नवाचार एवं प्रौद्योगिकी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा एवं गतिविधियाँ आयोजित की गईं। प्रतिभागियों को विद्यालय में सकारात्मक एवं सहयोगात्मक वातावरण विकसित करने, विद्यार्थियों और शिक्षकों के मानसिक स्वास्थ्य को समझने तथा प्रभावी नेतृत्व के माध्यम से विद्यालय की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान वित्तीय प्रबंधन तथा NEP एवं NCF के उद्देश्यों को विद्यालयी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर दिया गया। नवाचार एवं तकनीकी संसाधनों के उपयोग द्वारा शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने के विभिन्न तरीकों पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में डायट प्राचार्य ज्योति दीक्षित ने प्रतिभागी प्रधानाचार्यों को संबोधित करते हुए विद्यालयी नेतृत्व की महत्ता पर प्रकाश डाला तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर नवाचार एवं सकारात्मक नेतृत्व अपनाने का आह्वान किया। वरिष्ठ प्रवक्ता श्रीमती रेशम एवं श्री मोहम्मद राशिद ने भी प्रतिभागियों का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन करते हुए प्रशिक्षण के उद्देश्यों को विद्यालयी कार्यप्रणाली में प्रभावी रूप से लागू करने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रधानाचार्यों ने विभिन्न गतिविधियों, विचार-विमर्श एवं सहभागितापूर्ण सत्रों में सक्रिय रूप से भाग लिया। समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि इससे विद्यालय प्रबंधन, नेतृत्व एवं विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए नई दृष्टि और व्यावहारिक समझ विकसित हुई है। तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन सकारात्मक ऊर्जा एवं नई कार्ययोजनाओं के साथ हुआ।
घुटनों के दर्द, स्लिप डिस्क से परेशान तो आधुनिक मशीनों द्वारा कराएं फिजियोथैरेपी: 7417230216


















