
PAC के रिटायर्ड दरोगा के घर में चोरी
हापुड़, सीमन/अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने एक बंद पड़े मकान को अपना निशाना बनाया जहां से चोर कीमती सामान चुराकर फरार हो गए। परिजन जब घर पहुंचे तो बिखरा सामान देख उनके होश उड़ गए जिन्होंने पुलिस को मामले से अवगत कराया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है।
कुचेसर रोड चौपला निवासी नंदकिशोर शर्मा वर्ष 2016 में पीएसी में दरोगा के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वह बीती 20 जुलाई को मकान का ताला लगाकर अपनी पत्नी सावित्री के साथ गाजियाबाद में अपने बच्चों के पास गए थे। मंगलवार दोपहर उनकी पत्नी गाजियाबाद से वापस आईं और कुचेसर रोड चौपला स्थित मकान पर कुछ देर रुकने के बाद मकान का ताला लगाकर अपने मायके छतनोरा चली गईं।
बुधवार सुबह पड़ोसियों ने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखा तो मामले की जानकारी पीड़ित परिवार को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। अंदर जाकर देखा तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और संदूक में रखे सोने-चांदी के गहने व 15 हजार रुपये की नगदी गायब थी। पीड़ित ने तुरंत घटना की जानकारी बाबूगढ़ पुलिस को दी।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो रात करीब ढाई बजे एक बाइक पर तीन संदिग्ध युवक गली में आते दिखाई दिए। बदमाशों ने ताला तोड़ा और घर के भीतर दाखिल हो गए। इसके बाद करीब आधे घंटे तक चोरी की वारदात को अंजाम देकर बदमाश बाइक से रेलवे रोड की तरफ फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लाजपत नगर, चांदनी चौक का माल अब हापुड़ से खरीदें, 390 रुपए से शुरू: 9456414025





















