
हापुड़ में 11 नवंबर से शुरू होगा सिंभावली और ब्रजनाथपुर चीनी मिलों का पेराई सत्र
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):हापुड़ जिले की जहाँ गन्ना किसानों के लिए एक तरफ पेराई सत्र शुरू होने की सुगबुगाहट तेज हो गई है, तो वहीं दूसरी तरफ बकाया भुगतान और मिलों की मनमानी को लेकर किसानों की चिंताएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।
जिले की सिंभावली और ब्रजनाथपुर चीनी मिलों में आगामी 11 नवंबर से पेराई सत्र शुरू करने की तैयारी की जा रही है। गन्ना विभाग को मिलों की ओर से यही तिथि उपलब्ध कराई गई है। हालांकि, राहत मिलने के बजाय किसानों की मुश्किलें अभी भी बरकरार हैं। इन दोनों चीनी मिलों पर किसानों का अभी भी करीब 130 करोड़ रुपये का बकाया फंसा हुआ है। आंकड़ों के मुताबिक, अकेला सिंभावली मिल पर 85.53 करोड़ और ब्रजनाथपुर मिल पर 44.58 करोड़ रुपये का बकाया है।
भाकियू जिलाध्यक्ष पवन हुण और स्थानीय किसानों का कहना है कि वे लगातार गन्ना कमिश्नर से मिलकर अपने केंद्र दूसरी मिलों से जोड़ने की मांग कर रहे हैं ताकि उन्हें इस संकट से मुक्ति मिल सके। खराब भुगतान और कम गन्ने की उपलब्धता के कारण किसानों ने केंद्र बदलने की पुरजोर अपील की है।
जिला गन्ना अधिकारी अंगद सिंह का कहना है कि मिलों ने 11 नवंबर से सत्र चालू करने की बात कही है और केंद्रों को लेकर मिलों की अपील पर भी विचार किया जा रहा है। प्रशासन की पहली प्राथमिकता किसानों का बकाया भुगतान कराना है। देखना यह होगा कि प्रशासन किसानों की इन समस्याओं का कितना जल्दी और प्रभावी समाधान निकाल पाता है।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग के लिए अब रविवार को भी डॉक्टर शिशिर गुप्ता से लें परामर्श: 8979824365




























