
अपर मुख्य सचिव ने राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक अमित कुमार शर्मा को भेजा बधाई पत्र
हापुड़,सुरेश जैन (ehapurnews.com):राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 से सम्मानित राजकीय इंटर कॉलेज अनूपपुर डिबाई के सहायक अध्यापक अमित कुमार शर्मा को उत्तर प्रदेश शासन के बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा की ओर से बधाई एवं शुभकामना पत्र भेजा गया है। सोमवार को जिला विद्यालय निरीक्षक हापुड़ डॉ. श्वेता पूठिया ने यह पत्र अमित कुमार शर्मा को प्रदान कर सम्मानित किया।
अपर मुख्य सचिव द्वारा भेजे गए पत्र में शिक्षक दिवस के अवसर पर अमित कुमार शर्मा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा गया है कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा उन्हें राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 के लिए चयनित किया गया है। पत्र में उनके द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों के जीवन को समृद्ध बनाने तथा अपने विषय के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए प्रेरक एवं मार्गदर्शक की भूमिका निभाने के प्रयासों की सराहना की गई है।
पत्र में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों का उल्लेख करते हुए कहा गया कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थी के व्यक्तित्व, विचार और भविष्य को दिशा देने वाला मार्गदर्शक एवं प्रेरक होता है। विद्यार्थियों की क्षमताओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने में शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका है।
अपर मुख्य सचिव ने अमित कुमार शर्मा द्वारा विज्ञान विषय में नवाचारी एवं आनंदमय शिक्षण, सामुदायिक सहभागिता एवं जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 प्राप्त करने पर बधाई दी तथा प्रदेश का गौरव बढ़ाने और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पत्र प्राप्त करने पर अमित कुमार शर्मा ने अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का प्रोत्साहन शिक्षक को अपने दायित्वों को और अधिक समर्पण एवं ऊर्जा के साथ निभाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने डीआईओएस डॉ. श्वेता पूठिया का भी पत्र प्रदान कर सम्मानित करने के लिए आभार व्यक्त किया।
मोना ड्रीम गैलरी से 999/- की शॉपिंग पर 1 GIFT FREE: 9927143205, 7817840559





















