
श्री साईं ब्रिक फील्ड ईंट-भट्टे पर सीलिंग की कार्रवाई
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ की धौलाना तहसील क्षेत्र के गांव सुखदेवपुर स्थित श्री साईं ब्रिक फील्ड ईंट-भट्टे पर शुक्रवार को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। यह कार्रवाई प्रशासन और उत्तर प्रदेश नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम द्वारा की गई। कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य भट्ठा संचालकों में खलबली मची हुई है।
नायब तहसीलदार दिव्यांशी सिंह के नेतृत्व में टीम ने भट्टे का निरीक्षण किया। जांच के दौरान भट्टे के संचालन में पर्यावरण मानकों और प्रशासनिक नियमों के उल्लंघन पाए गए। इसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भट्टे को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक मांगेराम, क्षेत्रीय लेखपाल प्रभात कुमार, उत्तर प्रदेश नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी और अन्य प्रशासनिक कर्मचारी मौजूद रहे।























