
प्रधानमंत्री के पुतले को लेकर पुलिस और सपा तथा कांग्रेस पदाधिकारियों में झड़प
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):भाजपा की जिलाध्यक्ष कविता माधरे की अगुवाई में भाजपा नेत्रियों द्वारा बुधवार को हापुड़ में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का पुतला फूंके जाने के विरोध में गुरुवार को हापुड़ में समाजवादी पार्टी व कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा और वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पुतला फूंकने के लिए कलैक्ट्रेट जा पहुंचे। प्रधानमंत्री के पुतले को लेकर पुलिस सपा व कांग्रेस के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं में जमकर झड़प हुई और पुलिस प्रधानमंत्री के पुतले को झपट कर ले गई।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर तथा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी की अगुवाई में गुरुवार को दोनों दलों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता हापुड़ के कलैक्ट्रेट पर पहुंचे और उन्होंने अखिलेश यादव व राहुल गांधी के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। पुलिस को जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंकने की भनक लगी तो पुलिस उनके पीछे दौड़ पड़ी। प्रधानमंत्री के पुतले को लेकर पुलिस व कार्यकर्ताओं के बीच जमकर छीना झपटी हुई और पुलिस ने प्रधानमंत्री का पुतला झपट लिया। इसके बाद कांग्रेस व सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक को अलग-अलग ज्ञापन देकर अखिलेश यादव और राहुल गांधी का पुतला फूंकने के लिए दोषी भाजपा पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
Brainwaves International School: Admissions Open 2026-27 (Playgroup – Grade XI)

























