
विद्यालयी प्रबंधन संबंधी दक्षताओं के विकास हेतु समर्थ ट्रेनिंग प्रोग्राम का आयोजन
हापुड़, सीमन/ अशोक तोमर (ehapurnews.com): जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), हापुड़/गाजियाबाद के तत्वावधान में उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की नेतृत्व क्षमता एवं विद्यालयी प्रबंधन संबंधी दक्षताओं के विकास हेतु SAMARTH Training Programme 2026-27 का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को दो सत्रों में आयोजित किया गया। प्रथम सत्र 20 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक तथा द्वितीय सत्र 01 सितम्बर से 05 सितम्बर 2026 तक आयोजित हुआ। दोनों सत्रों में जनपद के कुल 174 प्रधानाध्यापकों ने प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विद्यालय नेतृत्व एवं प्रबंधन, शैक्षिक नेतृत्व, शिक्षक एवं विद्यार्थी सहयोग, मेंटल हेल्थ,विद्यालय में सकारात्मक एवं समावेशी वातावरण का निर्माण, प्रभावी संचार, टीम वर्क तथा विद्यालय विकास की कार्ययोजना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण को व्यावहारिक एवं सहभागितापूर्ण बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियों, समूह-चर्चा, केस स्टडी, प्रस्तुतीकरण एवं अनुभव साझा करने जैसी गतिविधियों का प्रयोग किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों के पूर्व-आकलन एवं पश्चात्-आकलन (Pre-Test एवं Post-Test) के माध्यम से प्रशिक्षण से संबंधित उनकी समझ एवं अधिगम का आकलन किया गया। साथ ही प्रतिभागियों से फीडबैक एवं अनुभव भी प्राप्त किए गए।प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी एवं विद्यालयी कार्यों में प्रभावी नेतृत्व क्षमता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
DIET की प्राचार्या ज्योति दीक्षित एवं वरिष्ठ प्रवक्ता मोहम्मद राशिद ने सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण में सक्रिय सहभागिता के लिए बधाई देते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान एवं कौशल को सभी प्रतिभागी अपने-अपने विद्यालयों में प्रभावी रूप से लागू करेंगे। प्राचार्या के निर्देशन एवं डायट प्रवक्ताओं के सहयोग से प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
99/- में खरीदें शर्ट, T-शर्ट, बच्चों के कपड़े और भी बहुत कुछ: 8191820867

















