
पालिका ने रेलवे को दिए 50.78 लाख, अब नाले के निर्माण का रास्ता साफ
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): पिलखुवा में करीब 30 साल पुरानी जल निकासी की समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है। छिद्दापुरी और आसपास के मोहल्लों में नाला नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में जलभराव की समस्या बनी रहती थी। लोगों को जलभराव से बचने के लिए रास्ता बदलकर निकलना पड़ता था।
समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर पालिका ने रेलवे की भूमि का उपयोग करने के लिए रेलवे को 50 लाख 78 हजार रुपये का शुल्क जमा कराया है। इसके बाद नाले के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
नगर पालिका अध्यक्ष विभु बंसल के अनुसार रेलवे भूमि के उपयोग के लिए 50 लाख 77 हजार 953 रुपये वे-लीव सुविधा शुल्क जमा कराया गया है। रेलवे से अनुमति मिलने के बाद अब नगर पालिका और रेलवे के बीच एमओयू की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद नाले के निर्माण का कार्य शुरू होगा।
नगर पालिका का कहना है कि नाला बनने के बाद बारिश के पानी की निकासी बेहतर होगी और छिद्दापुरी समेत आसपास के मोहल्लों के हजारों लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों के लिए यह कदम लंबे समय से चली आ रही जल निकासी की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
#Property में निवेश करने व किसी भी प्रकार का #Insurance कराने के लिए संपर्क करें: 7351777979




















