
ज्येष्ठ गंगा दशहरा के चलते डीएम व एसपी ने किया बृजघाट का निरीक्षण
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): ज्येष्ठ गंगा दशहरा का मुख्य स्नान 25 मई सोमवार को है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु जनपद हापुड़ की तीर्थ नगरी पहुंचेंगे और आस्था की डुबकी लगाएंगे। त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए जनपद हापुड़ के शीर्ष अफसरों ने मोर्चा संभाला हुआ है। जिलाधिकारी हापुड़ कविता मीणा, हापुड़ के पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंज्य सिंह ने अन्य अधिकारियों के साथ गंगा घाट, बृजघाट का निरीक्षण किया और संबंधित को व्यवस्थाओं को और दुरुस्त करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों ने गंभीरता दिखाई और निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाकर स्नान करने से रोका जाए। कोई भी श्रद्धालु गहरे पानी में न जाए। अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान कुछ इलाके ऐसे थे जहां पर प्रकाश की उचित व्यवस्था नहीं थी। ऐसे में पुलिसकर्मियों ने DM को टॉर्च की रोशनी दिखाकर जिलाधिकारी को जानकारी उपलब्ध कराई।
अधिकारियों ने घाटों पर बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, मोबाइल टॉयलेट, चेंजिंग रूम के साथ-साथ गंगा का किनारा, बाजारों का निरीक्षण किया। लोगों से बातचीत की और सीसीटीवी से चप्पे-चप्पे पर निगाह रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी और एसपी ने कहा कि नाविकों के लिए रेट लिस्ट चस्पा की जाए। कोई भी नाविक शराब पीकर नाव न चलाएं और क्षमता से अधिक सवारी न बैठाई जाएं। लाइव जैकेट पहन कर ही श्रद्धालुओं को नाव में बैठाया जाए। अधिकारियों ने चाक चौबंद व्यवस्था के निर्देश दिए और कहा कि महिलाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो उनके लिए चेंजिंग रूम की उचित व्यवस्था की जाए। इस दौरान एडीएम संदीप कुमार, सीओ यातायात राहुल यादव, एसडीएम गढ़ श्री राम यादव, गढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट, यातायात प्रभारी नरेश कुमार, ईओ गढ़ पवित्रा त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
लाजपत नगर, चांदनी चौक का माल अब हापुड़ से खरीदें, 390 रुपए से शुरू: 9456414025
























