हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ की गढ़ रोड पर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने एक मॉक ड्रिल की जहां मरीज को एंबुलेंस द्वारा लाए जाने पर उसे उतारने से लेकर उपचार देने तक का रिस्पांस टाइम तीन से दस मिनट रहा। स्वास्थ्य कर्मियों ने रिस्पांस टाइम के लक्ष्य को हासिल किया और मरीज को उपचार दिया।
दरअसल चीन व अन्य देशों में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में भारत में सरकार सतर्क हो गई है। वहीं शासन के आदेश पर जनपद हापुड़ में भी स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने मॉक ड्रिल की। मॉक ड्रिल के अंतर्गत एंबुलेंस द्वारा लाए गए मरीज को उपचार दिया गया। रिस्पांस टाइम के जरिए यह देखा गया कि कितनी देर में मरीज को उपचार दिया जा सकता है। तीन से दस मिनट के रेस्पॉन्स टाइम को स्वास्थ्य कर्मियों ने हासिल कर लिया। बता दें कि सीएचसी के प्रभारी डॉ दिनेश खत्री ने बताया कि कोरोना व आपदा को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट है। गढ़ रोड स्थित सीएचसी में 30 ऑक्सीजन पाइप लाइन कनेक्टेड बेड हैं जबकि 20 के इंतजाम किए जा रहे हैं। 50 छोटे-बड़े ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था अस्पताल में है। मरीजों को देखते हुए चार वेंटिलेटर हैं।
इस दौरान एसीएमओ डॉ प्रवीण शर्मा भी मौजूद रहे जिनके नेतृत्व में मॉक ड्रिल की गई।
मॉक ड्रिल के दौरान स्वास्थ्य अधिकारियों ने ऑक्सीजन प्लांट व अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया। इस दौरान फार्मासिस्ट अनुज त्यागी, विकास भारती, निरंजन सैनी, बादल, शिशुपाल जॉनी तथा 108 की टीम मौजूद रही।
























