
गौरव त्यागी हत्याकांड: दो हिरासत में, पांच फरार आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र में कार सवारों द्वारा युवक की पीट-पीट कर की गई हत्या के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर सात नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 191 (2), 191 (3), 190, 103 61 (2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है जबकि पांच आरोपी पुलिस गिरफ्त से फरार हैं। पुलिस ने फरार पांचों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपए का पुरस्कार घोषित किया है। आरोपियों की धर पकड़ के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है।
मुख्य ग्वाह था मृतक गौरव त्यागी:
बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर आजमपुर निवासी गौरव त्यागी पुत्र फतह सिंह पूर्व में दर्ज जानलेवा हमले के मुकदमे में मुख्य गवाह था जो मंगलवार की सुबह मुकदमे की पैरवी के सिलसिले में वकील से मिलने के लिए बाइक से जा रहा था। जैसे ही गौरव त्यागी धोनारा रोड पर पहुंचा तो कार सवार हमलावरों ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
कार सवारों ने मारी टक्कर:
धनोरा में दिनेश विद्यापीठ स्कूल के पास गांव के ही अमित, प्रदीप, कुलदीप, जसवंत और अनुज उर्फ गोल्दी सफेद वेगनआर कार से पहुंचे जिन्होंने गौरव की बाइक में टक्कर मारकर उसे नीचे गिरा दिया। इसके बाद हमलावरों ने गौरव त्यागी पर हथौड़े, लाठी-डंडे व रोड से हमला कर दिया। हमलावर मरणासन्न में छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने गौरव को देवनंदिनी अस्पताल में भर्ती कराया जहां से चिकित्सकों ने उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया। मेरठ में एक्स-रे के दौरान गौरव की मौत हो गई। तहरीर में फतेह सिंह ने आरोप लगाया कि राजवीर भौड़िया व जयपाल ने पहले भी धमकी दी थी कि वह अपने लड़कों से गौरव की हत्या करा देंगे। इस हत्याकांड के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। गौरव का शव जब गांव पहुंचा तो परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट गया। इकलौते पुत्र की हत्या से परिवार में मातम पसर गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए सात लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है जिनमें से पुलिस ने दो को हिरासत में ले लिया है। पांचों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई है जबकि उनपर 25-25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया है।
पुराना विवाद बना वजह:
आपको बता दें कि गौरव के पिता फतेह सिंह त्यागी के गांव के जयपाल से काफी अच्छे संबंध थे। दोनों ने मिलकर गांव में ही दो बीघा जमीन खरीदी थी जिसमें एक और ग्रामीण हिस्सेदारी था। यह जमीन पहले खेती में थी। धीरे-धीरे गांव का दायरा बढ़ने के बाद यह जमीन आबादी के बीच आ गई और उसके दामों में भी इजाफा हो गया। पैमाइश के दौरान जमीन कुछ काम निकली। इसमें सभी के हिस्से में 400-400 गज के प्लॉट आने थे लेकिन सभी अपने-अपने हक की पूरी जमीन चाहते थे। इसके बाद इस मामले ने विवाद का रूप ले लिया।
दिल्ली की डॉ शूची तनेजा दुआ अब हापुड़ शहर में: 70177 32103 || फ्री गंज रोड, हापुड़




















