
केमिस्ट कार्यशाला में दवा व्यापारियों के हितों पर हुआ व्यापक मंथन
हापुड,सीमन (ehapurnews.com):मिर्जापुर में ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स ऑफ उत्तर प्रदेश (OCD UP) की दो दिवसीय कार्यसमिति बैठक एवं शैक्षिक कार्यशाला का आयोजन 29 एवं 30 अगस्त को किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के सभी जनपदों से आए केमिस्ट एसोसिएशनों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता OCD UP के अध्यक्ष दिवाकर सिंह ने की। कार्यक्रम में AIOCD के राष्ट्रीय महामंत्री राजीव सिंघल की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने अपने संबोधन में दवा व्यापारियों की एकजुटता, संगठन की मजबूती तथा वर्तमान समय में केमिस्ट समाज के सामने आ रही चुनौतियों पर महत्वपूर्ण विचार रखे। मंच संचालन OCD UP के महामंत्री सुधीर अग्रवाल ने किया।
दो दिवसीय कार्यशाला में दवा व्यापारियों की वर्तमान समस्याओं एवं भविष्य की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। ऑनलाइन फार्मेसी एवं अत्यधिक डिस्काउंट, दवा कंपनियों की व्यापारिक नीतियां, एक्सपायरी एवं क्रेडिट नोट, Drug Department से जुड़े विषय, फार्मासिस्ट से संबंधित व्यावहारिक कठिनाइयां तथा छोटे एवं मध्यम केमिस्टों के हितों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर हापुड़ केमिस्ट एसोसिएशन की ओर से जिलाध्यक्ष राजेंद्र गुर्जर, चेयरमैन योगेश त्यागी, महामंत्री अनुराग अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष ब्रजभूषण अग्रवाल ने सहभागिता की। प्रतिनिधिमंडल ने हापुड़ जनपद के दवा व्यापारियों से जुड़े विभिन्न विषयों एवं सुझावों को प्रदेश संगठन के समक्ष रखा तथा इन समस्याओं को आवश्यकता के अनुसार प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर उठाए जाने की बात कही।
जिलाध्यक्ष राजेंद्र गुर्जर ने कहा कि केमिस्ट समाज मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने वाली स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। दवा व्यापारियों का संगठन नियमों के पालन एवं मरीजों के हित के साथ खड़ा है, लेकिन ईमानदारी एवं नियमानुसार व्यवसाय करने वाले लाइसेंसधारी केमिस्टों को असमान प्रतिस्पर्धा और अनावश्यक व्यावसायिक कठिनाइयों से बचाने के लिए संगठन को प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर आने वाली समस्याओं को प्रदेश और राष्ट्रीय संगठन तक पहुंचाने के लिए मजबूत समन्वय व्यवस्था भी आवश्यक है।
कार्यशाला में संगठन की एकजुटता, जिला संगठनों को और मजबूत करने तथा दवा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर समन्वित प्रयास करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मिर्जापुर केमिस्ट एसोसिएशन की भूमिका सराहनीय रही। प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों एवं अतिथियों के लिए मिर्जापुर केमिस्ट एसोसिएशन द्वारा की गई उत्कृष्ट एवं आत्मीय व्यवस्था की सभी ने सराहना की। हापुड़ केमिस्ट एसोसिएशन ने भी मिर्जापुर केमिस्ट एसोसिएशन का विशेष आभार व्यक्त किया।
हापुड़ केमिस्ट एसोसिएशन ने दो दिवसीय कार्यशाला को सार्थक, ज्ञानवर्धक एवं संगठन की एकजुटता को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कार्यक्रम बताया।
Admission open (2026-27)
S.A International School
Call- 9258003065
Email-id stasfee.internationalschool@gmail.com


















