हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के एक गांव में बिजली कर्मियों के दो गुटों में किसी बात को लेकर तनातनी हो गई. बताया जा रहा है कि एक बिजलीकर्मी ने हाई टेंशन लाइन को अर्थिंग से जोड़ दिया जिसके बाद क्षेत्र के विद्युत उपकरण फुक गए. ऐसे में गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की.
मामला गांव सलाई काठीखेड़ा का है जहां पर गुरुवार की रात को विद्युत कर्मियों में किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. इसी बीच एक विद्युत कर्मी ने गांव से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को अर्थिंग से जोड़ दिया. अर्थिंग से जोड़ते ही गांव के कई घरों में रखे विद्युत उपकरणों में पटाखे छूटने लगे और क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो गई. घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया और गांव में इकट्ठा होकर बिजली बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया. बताया जा रहा है कि इस दौरान हजारों रुपए के विद्युत उपकरण फूँकने से नुकसान हो गया.
























