
बाबूगढ़: महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर स्वच्छता की शपथ दिलाई
हापुड़, सीमन/अमित कुमार(ehapurnews.com): थाना बाबूगढ़ परिसर में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी ने दोनों महान विभूतियों के जीवन, उनके आदर्शों तथा राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए उपस्थित पुलिसकर्मियों को उनके बताए सत्य, अहिंसा, सादगी और सेवा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
इसके पश्चात थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने समस्त पुलिसकर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और स्वच्छ भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प कराया। शपथ ग्रहण के बाद थाना परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। पुलिसकर्मियों ने साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए जागरूक किया।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सभी लोगों को अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने में सहयोग करना चाहिए। इस अवसर पर थाना बाबूगढ़ के समस्त उपनिरीक्षक, पुलिसकर्मी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
एक फोन पर कराएं सीवर सैप्टिक टैंक की मशीन द्वारा सफाई: 9219695264





















