
ननिहाल जाने को लेकर बढ़ा विवाद: धौलाना में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, 4 लोग घायल
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):धौलाना थाना क्षेत्र के निधावली गांव में पति-पत्नी के बीच हुआ एक मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में दोनों पक्षों के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, निधावली गांव के रहने वाले एक युवक की शादी पचौता गांव की युवती से हुई है। बताया जा रहा है कि विवाहिता अपने ननिहाल जाना चाहती थी, लेकिन पति ने इस पर रोक लगा दी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। मामला तब बढ़ गया जब मंगलवार शाम विवाहिता के ननिहाल पक्ष के लोग निधावली गांव पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पति, ससुर और अन्य परिजनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। हंगामा बढ़ता देख गांव के लोग भी इकट्ठा हो गए और ननिहाल पक्ष के लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर खदेड़ दिया। देखते ही देखते दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे और लात-घूंसे चले, जिसमें चार लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
मामले में सीओ पिलखुवा मुनीश चंद्र ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष से लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग के लिए अब रविवार को भी डॉक्टर शिशिर गुप्ता से लें परामर्श: 8979824365

























