
बसपा के समर्थन में उतरा भारतीय मुस्लिम मंच, विपिन दीवान के कार्यालय पर हुआ भव्य स्वागत
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सरकार बनाने और पार्टी सुप्रीमो मायावती को पांचवीं बार प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लेकर के लिए भारतीय मुस्लिम मंच ने हुंकार भरी और एकजुट होने का आह्वान किया है। यह बात ‘भारतीय मुस्लिम मंच’ के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. मुमताज आलम रिजवी ने विधानसभा क्षेत्र-59 से बसपा के भावी प्रत्याशी विपिन दीवान के कैंप कार्यालय पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कही। इस दौरान कैंप कार्यालय पहुंचने पर डॉ. रिजवी का फूल-मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मुमताज आलम रिजवी ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने हमेशा से मुस्लिम समाज को सिर्फ एक ‘वोट बैंक’ के रूप में इस्तेमाल किया है, लेकिन समाज को अब अपने राजनीतिक अधिकारों और सम्मान को ध्यान में रखकर ही कोई ठोस राजनीतिक निर्णय लेना चाहिए। डॉ. रिजवी ने बसपा शासनकाल की कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों का विशेष उल्लेख करते हुए मायावती के नेतृत्व की जमकर सराहना की। उन्होंने घोषणा की कि वर्ष 2027 में बसपा को सत्ता में वापस लाने के लिए संगठन की ओर से व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। अपने संबोधन के अंत में डॉ. रिजवी ने मुस्लिम समाज से आह्वान किया कि वे आपसी मतभेदों को भुलाकर बसपा के पक्ष में एकजुट हों और बहन मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुँचाने के इस अभियान में पूरी ताकत से सहयोग करें।
Dhanwantari Distributors का Immurich Capsule अब घर पर बैठे मंगवाएं: 9837700010
























