
उधार के 60 हजार रुपये मांगना पड़ा भारी: युवक से मारपीट का आरोप व अपहरण कर हत्या करने की दी धमकी
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ नगर क्षेत्र के मोहल्ला इंद्रा नगर कॉलोनी मेरठ रोड निवासी द्वारा एक युवक को उधार दिए गए 60 हजार रुपये वापस मांगना भारी पड़ गया। आरोप है कि तकादा करने से नाराज होकर परिचित ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक के घर के बाहर उसके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने दोबारा पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नही पीड़ित की मां को फोन कर बेटे के अपहरण और हत्या की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद पीड़ित और उसका परिवार दहशत में है।
पीड़ित के मुताबिक, उसकी पहचान आवास विकास पंचवटी कॉलोनी निवासी एक युवक से हुई थी और युवक का उसके घर पर आना-जाना भी था। इसी जान-पहचान के चलते युवक ने अपनी निजी जरूरत बताते हुए अलग-अलग समय पर पीड़ित से करीब 60 हजार रुपये नकद उधार लिए थे। आरोप है कि रुपये जल्द लौटाने का भरोसा दिया गया, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी रकम वापस नहीं की गई।
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने अपनी जरूरत के चलते रुपये वापस मांगे तो युवक तरह-तरह के बहाने बनाकर उसे टालता रहा। बाद में तकादा करने पर कथित तौर पर उसे भुगत लेने की धमकी दी गई और रंजिश रखी जाने लगी। शिकायत के अनुसार, बुधवार को अन्य युवक ने अपने मोबाइल नंबर से पीड़ित को फोन किया और कहा कि वे उसके घर के बाहर खड़े हैं तथा उससे कुछ बात करनी है। फोन के बाद पीड़ित घर से बाहर आया तो वहां युवक अपने अन्य साथियों के मौजूद था। पीड़ित के मुताबिक, सभी आरोपी दो कारों से आए थे। आरोप है कि अभी युवकों ने पीड़ित से अपनी गाड़ी बाहर निकालकर उन्हें देने के लिए कहा। इस पर पीड़ित ने उनसे आने का कारण पूछा। आरोप है कि इसी बात को लेकर सभी लोग गाली-गलौच करने लगे। विरोध करने पर चारों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर आने लगे तो सभी युवक जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। युवकों ने पीड़ित की मां राखी के मोबाइल पर फोन किया और कहा कि यदि तुम्हारे बेटे ने दोबारा पैसों का तकादा किया तो उसका अपहरण कर हत्या कर दी जाएगी। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
Dhanwantari Distributors का Immurich Capsule अब घर पर बैठे मंगवाएं: 9837700010

















