
शराब के नशे में संविदा चालक ने मचाया उत्पात, संविदा सेवा समाप्त
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ रोडवेज डिपो में तैनात एक संविदा चालक पर शराब के नशे में बस अड्डा परिसर में हंगामा और उत्पात मचाने का आरोप लगा है। मामले की शिकायत मिलने के बाद एआरएम ने चालक की संविदा समाप्त कर दी है। साथ ही डिपो के अन्य कर्मचारियों को भी अनुशासन बनाए रखने की चेतावनी दी गई है।
बताया गया कि हापुड़ रोडवेज डिपो में तैनात संविदा चालक हर्ष चौधरी हापुड़-नोएडा मार्ग पर संचालित रोडवेज बस पर तैनात था। शुक्रवार शाम चालक शराब के नशे में बस अड्डा परिसर में पहुंचा और हंगामा करते हुए उत्पात मचाना शुरू कर दिया। इससे यात्रियों के साथ-साथ डिपो परिसर में तैनात कर्मचारियों के बीच भी अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
मामले की शिकायत एआरएम लक्षण सिंह से की गई। शिकायत के बाद संविदा चालक के खिलाफ कार्रवाई की गई और उसकी संविदा सेवा समाप्त कर दी गई।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक लक्षण सिंह ने कहा कि डिपो में किसी भी कर्मचारी की लापरवाही और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई कर्मचारी इस तरह का कृत्य करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कारपेंटर के कमीशन से पाए छुटकारा, होम बॉस हार्डवेयर से खरीदें दरवाजे की कुंडी: 9568911464




















