
सीएमओ का औचक निरीक्षण: गायब मिले CHO पर गिरी गाज, एक दिन का वेतन काटा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):हापुड़ मे शनिवार की सुबह मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर किशोर कुमार आहूजा के औचक निरीक्षण में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है।
दरअसल, शनिवार सुबह सीएमओ डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने क्षेत्र के चार आयुष्मान आरोग्य केंद्रों—अटूटा, कनिया कल्याणपुर, तिगरी और मतनौरा का अचानक जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कनिया कल्याणपुर और तिगरी आरोग्य केंद्रों पर तैनात कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) बिना किसी पूर्व अनुमति के अपनी ड्यूटी से नदारद मिले। जब वहां मौजूद स्टाफ से पूछताछ की गई, तो पता चला कि दोनों सीएचओ बिना सूचना के छुट्टी पर हैं।
अचानक हुए इस निरीक्षण से केंद्र में हड़कंप मच गया। सीएमओ ने आरोग्य केंद्रों पर दवा स्टॉक, साफ-सफाई, पीने के पानी और शौचालयों की स्थिति का भी निरीक्षण किया। परिसर में गंदगी मिलने पर उन्होंने संबंधित सफाईकर्मियों को कड़ी फटकार लगाई और तुरंत व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
लापरवाही बरतने वाले दोनों सीएचओ का एक-एक दिन का वेतन काटने का आदेश जारी कर दिया गया है। सीएमओ ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि मरीजों के इलाज और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Brainwaves International School: Admissions Open 2026-27 (Playgroup – Grade XI)





















