
हापुड़ में 24.12 करोड़ की लागत से बनेगा मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ जिले के ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। गांव कोटा हरनाथपुर में मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय के निर्माण को शासन की मंजूरी मिल गई है।
इस परियोजना के लिए सरकार की ओर से 24.12 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिसमें पहली किश्त के तौर पर 12.6 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। करीब पांच एकड़ भूमि में बनने वाले इस विद्यालय में नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध होगी।
विद्यालय परिसर में बच्चों के लिए आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों के साथ डिजिटल सुविधाएं, कंप्यूटर लैब, खेल मैदान और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी विकसित की जाएंगी। प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक की शिक्षा एक ही परिसर में मिलने से विद्यार्थियों को अलग-अलग स्कूलों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
अधिकारियों के मुताबिक, विद्यालय बनने से आसपास के ग्रामीण इलाकों के बच्चों को बेहतर और आधुनिक शिक्षा का अवसर मिलेगा। निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और स्कूल में छात्र-छात्राओं की संख्या व आवश्यक सुविधाओं को ध्यान में रखकर व्यवस्थाएं तैयार की जाएंगी।
एक फोन पर कराएं सीवर सैप्टिक टैंक की मशीन द्वारा सफाई: 9219695264





















