
बुलंदशहर: अजान के दौरान करंट लगने से जामा मस्जिद के मौलाना हापुड़ जिले निवासी की दर्दनाक मौत, मस्जिद में पसरा मातम
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद बुलंदशहर के औरंगाबाद कस्बे की जामा मस्जिद में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अजान देने के दौरान चेंजओवर में अचानक करंट उतर आने से मस्जिद के मौलाना कारी शेर मोहम्मद करंट की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मस्जिद परिसर में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए। मृतक कारी शेर मोहम्मद मूल रूप से जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव दोताई के रहने वाले थे। वह पिछले करीब ढाई दशक से औरंगाबाद की जामा मस्जिद में बतौर कारी अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनकी धार्मिक सेवाओं और सादगीपूर्ण जीवन के कारण क्षेत्र में उनका विशेष सम्मान था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अजान देने के दौरान मस्जिद के चेंजओवर में करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से मौलाना गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि करीब एक वर्ष पहले ही उनका निकाह हुआ था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद जामा मस्जिद में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और नमाजी मौलाना को श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
अपने भाई के लिए Handmade Premium Quality की राखी और गिफ्ट हैंम्पर खरीदें: 9953176364
ग्रुप से जुड़े
NEHA_VARSHNEY_GARG

























