
प्रदूषण पर बड़ा प्रहार: वायु गुणवत्ता आयोग की गुपचुप कार्रवाई, 2 फैक्ट्रियां सील, 12 को नोटिस
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ में वायु प्रदूषण फैला रही औद्योगिक इकाइयों पर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने शिकंजा कसा है। आयोग की सात टीमों ने ‘ऑपरेशन क्लीन एयर’ के तहत गुपचुप तरीके से छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस कार्रवाई से बेखबर स्थानीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया है।
हापुड़ जिले में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की सात फ्लाइंग स्क्वायड टीमों ने दो दिनों के भीतर कुल 22 औद्योगिक इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। आयोग की इस अचानक हुई रेड से कई इलाकों में हड़कंप मच गया और कई संचालक अपनी फैक्ट्रियों पर ताला लगाकर भाग निकले।
जांच के दौरान टीमों को मसूरी गुलावठी रोड, पिलखुवा,रावली-शेखपुरा- मेरठ रोड, ततारपुर गढ़ रोड, रेलवे रोड टेक्सटाइल सेंटर रोड और रावला- शेखर क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों से तेज धुआं निकलता मिला। कई फैक्ट्रियों में ऑनलाइन एमिशन मॉनिटरिंग सिस्टम सही से काम नहीं कर रहे थे और डीजी सेट नियमों के खिलाफ संचालित पाए गए।
इस बड़ी अनियमितता के सामने आने के बाद आयोग की टीम ने नियमों की धज्जियां उड़ा रही 2 औद्योगिक इकाइयों को तुरंत प्रभाव से सील कर दिया है, जबकि 12 अन्य इकाइयों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
हैरानी की बात यह रही कि केंद्रीय टीम की इस गुपचुप कार्रवाई की भनक स्थानीय उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड तक को नहीं लगी। अब देखना यह होगा कि नोटिस जारी होने के बाद इन इकाइयों पर क्या सख्त एक्शन लिया जाता है।
हापुड़: पायल डिजाइनर कलेक्शन से होलसेल दामों पर खरीदे लेडीज़ कलेक्शन: 7417105068






















