
बाबूगढ़ पुलिस का बड़ा चेकिंग अभियान, नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में पुलिस-प्रशासन सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। थाना बाबूगढ़ प्रभारी और चौकी इंचार्ज ने भारी पुलिस बल के साथ कुचेसर रोड चौपला पर पैदल गश्त करते हुए विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान सड़क पर चल रहे दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की गई। अभियान में विशेष रूप से बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाकर बाइक चलाने, शराब पीकर वाहन चलाने और मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज करने वाले वाहन चालकों को निशाने पर लिया गया। इसके अलावा तेज आवाज में पटाखे जैसी ध्वनि निकालने वाले बाइकों पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई।
चेकिंग अभियान के दौरान कई वाहन चालकों के चालान काटे गए, जबकि नियमों की अनदेखी करने वाले कई वाहनों को सीज कर दिया गया। पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और कई लोग रास्ता बदलते हुए भी दिखाई दिए। पुलिस टीम ने सड़क पर पैदल मार्च कर लोगों को सुरक्षा का संदेश भी दिया और आम जनता से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
थाना प्रभारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि लगातार बढ़ते सड़क हादसों और नियमों की अनदेखी को देखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। उनका कहना था कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और जो लोग नियम तोड़ेंगे उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि अन्य लोगों की जान के लिए भी खतरा बनता है। वहीं मॉडिफाइड साइलेंसर और तेज आवाज वाले वाहनों से आम जनता को परेशानी होती है, इसलिए ऐसे वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करें, सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें। बाबूगढ़ पुलिस का यह अभियान क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत करने और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Deewan Global School, Babugarh || Admission Open: 7055651651























