
विकास कार्यो को गति दें व आगामी कावड़ यात्रा को सफल बनाए: प्रभारी मंत्री
हापुड़,सूवि(ehapurnews.com):हापुड कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जनपद हापुड़ के प्रभारी मंत्री के0पी0 मलिक की अध्यक्षता में जनपद के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। प्रभारी मंत्री द्वारा जनपद में हो रहे विकास कार्यों को लेकर सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी कार्य जनपद में किये जा रहे हैं उस कार्य की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने जल निगम के अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद में जो भी पेयजल योजनाएं संचालित है या जितने भी पेजल योजनाएं आपके द्वारा पूर्ण कर दी गई है उनका जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर निरीक्षण भी करा दिया जाए। जनपद में जो भी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है उसको जल्द से जल्द ठीक करा कर निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए। प्रभारी मंत्री ने एक्शन जल निगम को निर्देश दिए की उनके द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं में जिन योजनाओं में शत प्रतिशत कार्य पूर्ण कर दिया गया है वहां पर एक बार पुनः निरीक्षण करते हुए यह भी सुनिश्चित किया जाए कि जो कार्य पूर्ण हुए हैं उसमें किसी प्रकार की कमी तो नहीं रह गई है। बैठक में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद की सभी गौ शालाओं में वर्षा ऋतु से बचाव हेतु संसाधन, हरे चारे की उपलब्धता, भूसा तथा स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करना सुनिश्चित करें । जनपद में जो भी नई गौशालाएं का कार्य निर्माण अधीन है उनकी जानकारी संबंधित जनप्रतिनिधि को अवश्य दें।प्रभारी मंत्री द्वारा समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए की वृद्धा पेंशन न मिलने से लोगों को परेशानी हो रही है। इस संबंध में समाज कल्याण अधिकारी द्वारा प्रभारी मंत्री को अवगत कराया गया कि वृद्धा पेंशन में पेंशनरों की केवाईसी व अन्य जानकारी अपडेट होने के कारण वृद्धा पेंशन रुकी हुई थी । मुख्यालय से इस संबंध में पत्राचार किया गया है आगामी माह अगस्त से वृद्धा पेंशन भेजने का कार्य शुरू हो जाएगा। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि जनपद के सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक चिकित्सालय में साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि जहां पर चिकित्सकों की उपलब्धता नहीं है उसके लिए संविदा पर चिकित्सक रखने हेतु पत्राचार किया जाए। समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को निर्देशित किया कि जनपद में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखते हुए निरंतर कूड़ा कलेक्शन किया जाना सुनिश्चित करें। नालों की साफ सफाई निरंतर कराते रहे जिससे वर्षा ऋतु के कारण जल भराव की समस्या उत्पन्न न हो। माननीय प्रभारी मंत्री जी द्वारा बैठक में अधीक्षण अभियंता विद्युत को निर्देश दिए गए की विद्युत की जो भी समस्या आ रही है उसका समय के अंतर्गत निस्तारण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने ट्राली वाले ट्रांसफार्मर की उपलब्धता के लिए भी निर्देशित किया।
विकास कार्य की बैठक के दौरान मान्य प्रभारी मंत्री द्वारा आगामी कावड़ यात्रा को लेकर भी विचार विमर्श किया गया। कावड़ यात्रा के दृष्टिगत पुलिस विभाग द्वारा की गई कार्य प्रणाली से अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा मान्य प्रभारी मंत्री जी को अवगत कराया गया। उन्होंने कावड़ यात्रा के दौरान आने वाले कावड़ियों के मार्गो, मंदिर एवं कावड़ रास्तों में लगने वाले शिवरों की जानकारी इत्यादि से प्रभारी मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कावड़ का श्रावण मास 30 जुलाई से शुरू होगा। मुख्य पर्व 11 अगस्त 2026 को शिव मंदिर में जल अभिषेक किया जाएगा। इसके लिए समय से ही सभी मंदिरों के मार्गो का निरीक्षण कर लिया गया है। माननीय प्रभारी मंत्री जी द्वारा कावड़ मार्गो में हो रहे गड्ढों को लेकर संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि कावड़ मार्ग में जो भी गड्ढे एवं जल भराव की स्थिति है उसे समय से ही ठीक कर दिया जाए। विद्युत विभाग द्वारा कावड़ मार्गो में पडने वाले विद्युत पोलों पर टैपिंग की कार्रवाई कर दी जाए। साथ ही वन विभाग द्वारा मार्गो पर पेड़ों की छटाई का कार्य भी पूर्ण कर दिया जाए। प्रभागीय वन अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि वन विभाग के द्वारा कावड़ मार्ग पर पड़ने वाले पेड़ों की छटाई का कार्य किया जा रहा है जल्द ही पेड़ छटाई का कार्य पूर्ण कर दिया जाएगा। बैठक में माननीय विधायक सदर, गढ़मुक्तेश्वर, धौलाना, माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष भाजपा, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, परियोजना निदेशक, माननीय सांसद प्रतिनिधि लोकसभा क्षेत्र मेरठ, गाजियाबाद व अमरोहा, नगर पालिका परिषद हापुड़ अध्यक्ष, पिलखुवा, बाबूगढ़ नगर पंचायत, ब्लॉक प्रमुख हापुड़, धौलाना, सिंभावली सहित जनपद स्तरीय सभी अधिकारी उपस्थित रहे।
घर में है दीमक की समस्या, FREE इंस्पेक्शन के लिए करें कॉल: 8077979922























