
हापुड़, सीमन/अमित कुमार (EHapurNews.com): जनपद हापुड़ की बुलंदशहर रोड पर स्थित नए हाईवे पर बुलंदशहर रोड की लेन के पास मंगलवार की सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बच्ची और एक किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही परिजनों को मामले से अवगत कराया जिससे परिवार में मातम छा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार एक बस गोंडा से दिल्ली जा रही थी। जैसे ही बस नए हाईवे पर जनपद हापुड़ की सीमा में बुलंदशहर कट के पास पहुंची तो अचानक बस खराब हो गई। सवारियां नीचे उतरकर अन्य वाहन का इंतजार कर रही थी। तभी पीछे से आए ट्रक ने सवारियों को कुचल दिया। सड़क हादसा इतना भयानक था कि 5 वर्षीय नायरा और 15 वर्षीय मीरा गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वही कुछ सवारी का सीएचसी तो कुछ सवारी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कुल छह लोग घायल हैं।






















