
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले एक व्यापारी दीपक अग्रवाल के साथ हरियाणा के एक व्यक्ति ने 29.25 लाख रुपए की ठगी को अंजाम दिया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
हापुड़ की ज्ञान लोक कॉलोनी के रहने वाले दीपक अग्रवाल, हुकुमचंद विजय कुमार नामक पार्टनरशिप फर्म के वर्किंग पार्टनर हैं जिनकी फर्म हापुड़ की गढ़ रोड़ पर स्थित शिवनगर में खाद्य तेल की खरीद बेच करती है। पिछले कुछ वर्षों से लखनऊ का एक ब्रोकर संजीव अग्रवाल उन्हें खाद्य तेल की सप्लाई दिलाता आ रहा है। इस फॉर्म में अरुण गर्ग, सत्य भामा और उषा गर्ग भी पार्टनर है।
संजीव अग्रवाल ने दीपक अग्रवाल को हरियाणा की एक कंपनी महावीर ऑयल एंड एग्रो प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड भिवानी से संपर्क कराया और कहा कि यह कंपनी सोया रिफाइंड तेल बेचती है। उसके बाद संजीव ने दीपक अग्रवाल की महावीर ऑयल एंड एग्रो प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड भिवानी के मालिक और डायरेक्टर दीपक गोयल से बात कराई। इस कंपनी के डायरेक्टर दीपक गोयल और उनकी मां शारदा देवी हैं।
दीपक गोयल ने पीड़ित को 1500 टीन सोया रिफाइंड तेल की आपूर्ति के लिए 29 लाख 25000 का सौदा पक्का किया। व्हाट्सएप पर एक कैंसिल चेक और अन्य जानकारी भेजी। दीपक गोयल ने कहा कि जैसे ही पैसे कंपनी के खाते में जमा होंगे माल रवाना कर दिया जाएगा। भरोसे में आकर दीपक अग्रवाल ने 29 लाख 25 हजार रुपए कंपनी के खाते में ट्रांसफर कर दिए लेकिन आरोपी दीपक गोयल ने माल नहीं भेजा और ना ही पैसे वापस लौटाए। जब दीपक अग्रवाल ने ब्रोकर संजीव और दीपक गोयल से संपर्क किया तो दोनों ने बहाने बनाए। संजीव ने कहा कि दीपक गोयल उसका फोन भी नहीं उठा रहा। 28 जून को पीड़ित अपने जानकार व्यापारी विकास और ब्रोकर संजीव के साथ भिवानी में दीपक गोयल की कंपनी पहुंचे तो दीपक ने कहा कि ना तो वह माल दे सकता है और ना ही पैसे वापस कर सकता है। इसके बाद पीड़ित दीपक अग्रवाल की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक गोयल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सभी प्रकार के बीमों के लिये संपर्क करें : 9756129288


























