
a red passenger train at train station train station in city
रेल यातायात सुगम बनाने के लिए हापुड़ को मिलेगी नई सौगात! बनेगा न्यू हापुड़ रेलवे स्टेशन
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):हापुड़ जिले के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। गाजियाबाद-सीतापुर रेल मार्ग पर अब तीसरी और चौथी रेल लाइन बिछाने की योजना को हरी झंडी मिल गई है। इससे रेल यातायात न केवल सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
इस महत्वपूर्ण परियोजना के अंतर्गत, हापुड़ में न्यू हापुड़ रेलवे स्टेशन का निर्माण किया जाएगा। यहाँ यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक प्लेटफॉर्म, वेटिंग हॉल, शौचालय और अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। यह स्टेशन मानक के अनुसार तीन प्लेटफॉर्म, एक एफओबी, पार्किंग एरिया और यात्री शेड से सुसज्जित होगा। रेलवे कर्मचारियों के लिए आवास का निर्माण भी किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, यह पूरी परियोजना लगभग 14,926 करोड़ रुपये की लागत से पूरी होगी। इसके लिए लगभग 150 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। तीसरी और चौथी रेल लाइन बिछने से गाजियाबाद से सीतापुर तक 403 किलोमीटर लंबे मार्ग पर रेल यातायात की क्षमता बढ़ेगी। साथ ही, यात्री ट्रेनों और मालगाड़ियों के संचालन में भी सुविधा होगी।
150 हेक्टेयर भूमि का किया जाएगा अधिग्रहण:
हापुड़ और सिंभावली क्षेत्र में दो रेलवे बाईपास प्रस्तावित हैं। पहला बाईपास करीब 19 किलोमीटर लंबा होगा, जो 24 गांवों से होकर गुजरेगा। इसके निर्माण के लिए 97.5345 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। दूसरा बाईपास सिंभावली क्षेत्र में करीब 13 किलोमीटर लंबा होगा। इसके लिए 52.8286 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की जाएगी। दोनों बाईपास की कुल लंबाई 32 किलोमीटर और भूमि अधिग्रहण का क्षेत्रफल करीब 150.36 हेक्टेयर है। रेलवे बाईपास के अलावा जिले में शेष स्थानों पर पुरानी रेलवे लाइन के किनारे तीसरी और चौथी लाइन बिछाई जाएगी।
इन गांवों से निकलेगा रेलवे बाईपास:
हापुड़ क्षेत्र में प्रस्तावित बाईपास कस्तला कासमाबाद, अनवरपुर, कांवी, रघुनाथपुर, पूठा हुसैनपुर, सबली, रामपुर, चितौली, अकड़ौली, सादिकपुर, सलाई, गौंदी, सुल्तानपुर, लालपुर, सिमरौली और बाबूगढ़ समेत अन्य गांवों से होते हुए शकरपुर तक जाएगा। वहीं, सिंभावली क्षेत्र का बाईपास सिखेड़ा मुरादाबाद, मुरादपुर, वैट, सरूरपुर, अठसैनी, बदरखा, गढ़ बांगर, बढ़ खादर और अल्लाबख्शपुर होते हुए बागड़पुर तक प्रस्तावित है।
गाय व भैंस के दूध का शुद्ध घी खरीदने के लिए संपर्क करें: 9068607739
























